बाजार से गलियों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान, डीएम समीर ने दिए व्यापक सफाई के निर्देश
धार्मिक स्थलों, चौराहों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ कचरे के नियमानुसार निस्तारण पर जोर

उरई। जिलाधिकारी समीर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार से जनपद के सभी नगर निकायों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान को प्रभावी और व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान केवल बाजारों और प्रमुख स्थानों तक सीमित न रहे, बल्कि भीतरी एवं आवासीय क्षेत्रों की गलियों में भी व्यापक साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी गंदगी दिखाई न दे और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
धार्मिक स्थलों और चौराहों की भी होगी विशेष सफाई –
डीएम ने बाजारों, धार्मिक स्थलों, मुख्य मार्गों, चौराहों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों तथा महापुरुषों की मूर्तियों के आसपास विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई के बाद एकत्रित कचरे का निर्धारित नियमों और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का असर केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
आम नागरिक भी दे सकेंगे गंदगी की सूचना –
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष सफाई अभियान को जनभागीदारी से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। यदि किसी वार्ड, मोहल्ले या क्षेत्र में सफाई नहीं हुई है अथवा कहीं कचरा पड़ा है, तो आम नागरिक इसकी सूचना प्रशासन को दे सकते हैं। इसके लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9936256363 पर फोन कर अपने क्षेत्र की सफाई संबंधी जानकारी दे सकते हैं। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई और सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर –
डीएम ने अभियान के दौरान किए जा रहे सफाई कार्यों और उनके परिणामों को जनसामान्य तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नगरीय वातावरण के निर्माण में आमजन की सहभागिता और मजबूत होगी।



