उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

अकोढ़ी दुबे में धूमधाम से मनाया गया ‘उत्सव – 2026’ ! विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा प्राइवेट आईटीआई में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गौरी शंकर वर्मा ने किया दीप प्रज्वलन, प्रतिभागी विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित

जालौन। अकोढ़ी दुबे स्थित अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा प्राइवेट आईटीआई में 1 अक्टूबर को ‘उत्सव 2026’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, भाषण, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उरई सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक यातायात वीर बहादुर सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक गौरी शंकर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती एवं भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। इसके बाद छात्राओं सृष्टि शर्मा, नीलम देवी और अनन्या ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कशिश यादव ने रानी लक्ष्मीबाई पर प्रस्तुति दी, जबकि खुशी पांचाल एवं लक्ष्मी द्विवेदी ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुति देकर अतिथियों और दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा : विधायक
मुख्य अतिथि विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करते हुए रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने पर संस्थान प्रबंधन की सराहना की।

जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के लिए कौशल विकास बेहद जरूरी है। आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थान युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर भविष्य के अवसरों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल विकसित करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक –
प्रभारी निरीक्षक यातायात वीर बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील की।

जिला पंचायत सदस्य रामेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर और उचित मार्गदर्शन देने की। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का काम करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा के साथ रचनात्मक प्रतिभा को मंच देना उद्देश्य –
संस्थान के प्रबंधक डॉ. मयंक कुमार ने कहा कि ‘उत्सव 2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई और तकनीकी प्रशिक्षण के साथ अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

उपप्रबंधक डॉ. प्रियंक शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और व्यवहारिक कौशल का विकास भी जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने और समाज के सामने अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।

इस अवसर पर संरक्षक लल्लूराम विश्वकर्मा, अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, प्रतिभा झा, लक्ष्मी देवी, दिव्यांसी, श्रेष्ठ, रजत झा, नीरज कुमार, मदन मुरारी, शैलजा नामदेव, काजल, मेहर ज्योति भास्कर, मोनी, राजदीप निरंजन, गोपाल द्विवेदी सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

संस्थान प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा प्राइवेट आईटीआई द्वारा आयोजित ‘उत्सव 2026’ विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, प्रतिभा और आत्मविश्वास का मंच बनकर सामने आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button