17 से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण, प्रशिक्षण में गैरहाजिर कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ व सुपरवाइजर को दिया गया प्रशिक्षण

कोंच (पीडी रिछारिया)। माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 17 नवंबर 2026 से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों को लेकर शनिवार को तहसील सभागार में निर्वाचन विभाग ने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ा भर बीएलओ और सुपरवाइजर को पुनरीक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारियां देकर प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई किए जाने की बात भी अधिकारियों ने कही है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बीएलओ एप और निर्वाचन विभाग के अन्य पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई ताकि पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा किया जा सके।

तहसीलदार मनोज कुमार ने सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि वे पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लेते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुछ बीएलओ अनुपस्थित रहे, इसे गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा माधौगढ़ के माध्यम से पत्र भेजा जा रहा है। इस दौरान तहसीलदार मनोज कुमार नायब तहसीलदार वैभव कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



