भाजपा ने घोषित किए विधानसभा प्रभारी, जालौन के भगवती शरण शुक्ला को मिली चित्रकूट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद 52 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की सूची जारी, जालौन के कई नेताओं को भी मिली संगठनात्मक जिम्मेदारी

उरई। भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की घोषणा की गई है। प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी की संस्तुति के उपरांत जारी सूची में कुल 52 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों के नाम शामिल किए गए हैं। इस सूची में जनपद जालौन के वरिष्ठ भाजपा नेता आदरणीय भगवती शरण शुक्ला जी को चित्रकूट विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने से जिले के राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र में विशेष चर्चा है।

भगवती शरण शुक्ला को चित्रकूट विधानसभा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। इसे उनके संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उनके शुभचिंतकों ने विश्वास जताया कि वह अपनी कार्यकुशलता और अनुभव से संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

👉 इन नेताओं को भी मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां –
भाजपा की जारी सूची के अनुसार जनपद जालौन से भगवती शरण शुक्ला को चित्रकूट विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनमें प्रमुख रूप से नगेंद्र गुप्ता को इटावा सदर, जगदीश तिवारी को राठ, दिवाकर शास्त्री को कानपुर की किदवई नगर विधानसभा, पं. रामलखन औदिच्य को सिकंदरा तथा दयाशंकर यादव को झांसी सदर विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त जनपद जालौन की तीन विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रभारियों की घोषणा की गई है। इनमें माधौगढ़ से जितेंद्र जैन, कालपी से चंद्रमान राय तथा उरई विधानसभा से अशोक गिरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
👉 संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम –
भाजपा की इस घोषणा को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और विधानसभा स्तर पर पार्टी की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति के माध्यम से संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और पार्टी की गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी संबंधित नेताओं के कंधों पर रहेगी।
विशेष रूप से जालौन के भगवती शरण शुक्ला को चित्रकूट विधानसभा का प्रभारी बनाए जाने पर जिले के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।



