उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

कालपी क्षेत्र में अब कोटेदारों के घर नहीं, अन्नपूर्णा भवनों से मिलेगा राशन

45 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की कवायद शुरू, महेवा और कदौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में चिन्हित की जा रही सरकारी जमीन

कालपी। तहसील क्षेत्र में अब उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए कोटेदारों के घरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। शासन की पहल के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जहां से उपभोक्ताओं को सरकारी राशन का वितरण किया जाएगा। प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में करीब 45 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

तहसील क्षेत्र में वर्तमान में करीब 174 राशन की दुकानें संचालित हैं। इनमें से अधिकांश उचित दर की दुकानें कोटेदारों के निजी आवासों से संचालित हो रही हैं। कई दुकानें संकरी गलियों में स्थित होने के कारण खाद्य एवं रसद विभाग के ठेकेदारों के लिए राशन सामग्री सीधे दुकान तक पहुंचाना मुश्किल होता है। इसके चलते उचित दर विक्रेताओं को परिवहन, भाड़ा और मजदूरी के रूप में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए शासन की ओर से ग्राम पंचायत स्तर पर अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की योजना शुरू की गई है। इन भवनों के लिए ऐसी सरकारी भूमि का चयन किया जा रहा है, जो सड़क के किनारे या आसानी से पहुंच योग्य स्थान पर हो। इससे राशन की सामग्री को विभागीय ठेकेदारों द्वारा सीधे अन्नपूर्णा भवन तक पहुंचाया जा सकेगा।

पहले बन चुके हैं मॉडल शॉप –
पूर्ति निरीक्षक प्रफुल्ल कुमार मिश्रा के अनुसार, पिछले वर्षों में तहसील क्षेत्र में करीब दो दर्जन मॉडल शॉप का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए इनकी संख्या पर्याप्त नहीं है। इसी कारण शासन स्तर से अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है।

महेवा ब्लॉक की इन ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित हैं भवन –
महेवा ब्लॉक में रिनिया बैदेपुर, पिथऊपुर, चुर्खी, न्यामतपुर, कुटरा, अभैदेपुर, लौना, बिनौरा वैध, रायपुर, नूरपुर, मुसमरिया, सिम्हारा कासिमपुर, दहेलखंड, मल्थुआ, हीरापुर, शेखपुर गुढ़ा, सरैनी, दमरास, सतरहजू, सिकरी रहमानपुर, महेवा, बम्हौरी खुर्द और खैरई सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इन भवनों पर करीब साढ़े आठ लाख रुपये प्रति भवन की लागत आने की जानकारी दी गई है।

कदौरा ब्लॉक में भी शुरू होगी निर्माण प्रक्रिया –
इसी तरह कदौरा ब्लॉक में चतेला, बड़ा गांव, बबीना, गुलौली, इमलिया खुर्द, बसरेही, कुआंखेड़ा, लमसर, अकोढ़ी, जकसिया, हरचंदपुर, दशहरी, वारा, निस्वापुर, उकरूवा, बागी, परोसा, मटरा, कुरहना, रैला और सौंधी समेत अन्य ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण प्रस्तावित है। आपूर्ति लिपिक शुभेंद्र तिवारी ने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण विभागीय व्यवस्था के तहत कराया जाएगा। इनमें अधिकांश भवनों का निर्माण ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाना है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

वहीं, एसडीएम विनय कुमार मौर्य के अनुसार सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के बाद राशन वितरण के लिए उपभोक्ताओं को व्यवस्थित और सुगम स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है। साथ ही राशन सामग्री की आपूर्ति में आने वाली परिवहन संबंधी दिक्कतों को भी कम किया जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button