शिवम यादव बने समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव, 2011 से सपा से जुड़े हैं
कालपी निवासी शिवम यादव को मिली समाजवादी युवजन सभा की राज्य कार्यकारिणी में अहम जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह

कालपी। समाजवादी पार्टी से लंबे समय से जुड़े कालपी निवासी शिवम यादव को समाजवादी युवजन सभा उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि की ओर से जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति के बाद शिवम यादव को प्रदेश सचिव नामित किया गया है।

मनोनयन पत्र में उम्मीद जताई गई है कि शिवम यादव समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
2011 से सपा से जुड़े हैं शिवम यादव –
शिवम यादव वर्ष 2011 से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने के दौरान उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व नगर अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष तथा समाजवादी युवजन सभा के जिला सचिव के पद पर भी रह चुके हैं। इसके अलावा शिवम यादव को मध्य प्रदेश की पृथ्वीपुर विधानसभा का सह प्रभारी बनाया जा चुका है। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने बबीना विधानसभा के विधानसभा प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी। इन दायित्वों के माध्यम से उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और चुनावी गतिविधियों में भागीदारी की।
नई जिम्मेदारी पर जताया नेतृत्व का आभार –
समाजवादी युवजन सभा की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव बनाए जाने पर शिवम यादव ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे। शिवम यादव के प्रदेश सचिव बनाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद कालपी क्षेत्र के समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में उनकी लंबे समय से जारी सक्रियता और अनुभव से जोड़कर देखा है।



