जालौन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, योजनाओं से लाभार्थियों को मिली स्वावलंबन की सौगात
राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम, सिलाई मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि उपकरण और नियुक्ति पत्र वितरित

उरई। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद जालौन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के ऑडिटोरियम में ‘सेवा दिवस—आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, जिलाधिकारी समीर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।
अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम की ओर से 3 प्रशस्ति पत्र, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 50 स्वीकृति पत्र और 3 टूल किट वितरित किए गए।

उद्योग विभाग ने लाभार्थियों को 10 सिलाई मशीन और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली, कृषि विभाग ने 15 स्प्रेयर और 2 कल्टीवेटर, जबकि उद्यान विभाग ने 15 स्प्रिंकलर टूल प्रदान किए। आईटीआई के माध्यम से 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गए।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।



