जालौन में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, EVM-VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच शुरू
BEL के अधिकृत इंजीनियर करेंगे EVM-VVPAT की जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी कर सकेंगे FLC प्रक्रिया का अवलोकन

उरई। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जालौन जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) गुरुवार 17 सितंबर 2026 से शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने बताया कि निर्वाचन से पहले उपयोग में लाई जाने वाली प्रत्येक EVM और VVPAT की जांच एवं परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाता है। FLC का कार्य भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में किया जा रहा है। जांच में उत्तीर्ण होने वाली EVM और VVPAT को ही आगामी निर्वाचन में उपयोग के लिए निर्धारित किया जाएगा।
सुबह 9 से शाम 7 बजे तक होगी जांच –
आगामी विधानसभा चुनाव में उपयोग की जाने वाली EVM और VVPAT की FLC 17 सितंबर 2026 से कार्य समाप्ति तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी हॉल, जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, जालौन स्थान उरई में की जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार FLC के लिए भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग स्तर से भी की जाती है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी किया गया आमंत्रित –
जिला मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से 8 सितंबर और 10 सितंबर 2026 को लिखित रूप से अनुरोध किया गया है कि वे FLC प्रक्रिया के अवलोकन के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। प्रशासन के मुताबिक संबंधित दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि भी की जा चुकी है।



