डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर सोनम चंद्रा ने नगर का नाम किया रोशन

कोंच/जालौन। नगर की होनहार बेटी सोनम चंद्रा ने डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर नगर का नाम रोशन किया है। इलाहाबाद बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्रा व रेखा चंद्रा की होनहार बेटी व बीएसपी के नगर अध्यक्ष जितेंद्र राय की भतीजी सोनम चंद्रा ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च लखनऊ से बायोलॉजिकल साइंस में डॉक्टरेट (पीएचडी) की उपाधि हासिल की है।
वहीं सोनम ने प्लेसमेंट के जरिए एक सरकारी कंपनी में जॉब भी हासिल कर ली है। वर्तमान समय में उसकी पोस्टिंग हैदराबाद में है। सोनम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर कोंच से ही की थी। सोनम की इस कामयाबी पर नगरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशीर्वाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नगर को गौरवान्वित करने वाली बेटी सोनम ने अपनी इस कामयाबी को लेकर कहा कि कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता है, बस जरूरत है एकाग्रचित्त होकर पूरे मनोयोग से निरंतर लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने की। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।