किसी ने देवस्थान पर मत्था टेका तो किसी ने पिकनिक पर जा कर सेलीब्रेट किया नया साल

कोंच (पीडी रिछारिया)। अंग्रेजी कैलेंडर के नए वर्ष 2022 की आमद का स्वागत लोगों ने गर्मजोशी के साथ किया। खुशियां मनाने में हर उम्र के लोग शामिल दिखाई दिए जिन्होंने अपनी पसंद के हिसाब से नए वर्ष के आगाज को सेलीब्रेट कर एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। किसी ने देवस्थान पर मत्था टेका तो किसी ने पिकनिक स्पॉट का रुख किया।
सुबह से ही बच्चे, बड़े बूढ़े व महिलाएं अपने अपने गंतव्य की ओर जाते दिखे। बड़ी संख्या में लोगों ने सुप्रसिद्ध बड़ी माता, मां काली, दोहर, गुदरिया, पंचमुखी, केला देवी आदि मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की और घर परिवार की खुशहाली की कामना की, फिर लजीज व्यंजनों का सामूहिक रूप से पार्टी कर आनंद उठाया। युवतियों ने भी अपनी सहेलियों को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए पिकनिक मनाई। नव युवक भी घरों से निकलकर मत्स्य पालन केंद्र, हुल्की माता समेत खेतों-बगीचों में पार्टी मनाते हुए नजर आए। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के चलते हालांकि ग्रीटिंग कार्ड नजर नहीं आए लेकिन सोशल साइट्स के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर लोगों ने अपने मित्रों, रिश्तेदारों, सहयोगियों, शुभचिंतकों को नए वर्ष पर शुभकामना संदेश भेजे। नए साल को सेलीब्रेट करने के लिए शराब के ठेकों पर भी लोगों की खासी भीड़ खरीदारी करते देखी गई। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान कर भंडारा वितरण किया गया। ग्राम देवगांव स्थित परमहंस बद्रीदास महाराज के आश्रम में महाराज का जन्मोत्सव भव्य तरीके से मनाया गया। मौजूद भक्तों ने महाराज के दर्शन कर पूजा अर्चना की और केक काटी। इस दौरान आत्मप्रकाश भदौरिया, रविचंद्र निरंजन झांसी, रामपाल पटेल, डॉ. भगवानदास, हरगोविंद खुराना, रामसिंह, संतोष, अरविंद यादव, अशोक कुमार पुजारी, राजकिशोर कुशवाहा आदि भक्तगण मौजूद रहे। नईबस्ती स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पर नित्य दर्शनार्थी महिला मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ कराया गया और प्रसाद वितरण हुआ।