पीड़ित की सुनवाई नहीं करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक ने कोंच कोतवाली और नदीगांव थाने का औचक निरीक्षण किया

कोंच (पीडी रिछारिया) एसपी डॉ. ईराज राजा शनिवार रात अचानक कोतवाली और नदीगांव थाने पहुंच गए जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। उन्होंने दोनों थानों का सरसरी तौर पर मुआयना किया और अधीनस्थों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कोंच कस्बे में मुख्य राजमार्ग पर फुट पेट्रोलिंग कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, पीड़ित की सुनवाई नहीं करने वाले अधिकारी नपेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता जनसुनवाई है। अधिकारियों को जनता की समस्याओं को सुन समझ कर उनका निराकरण करना ही होगा वरना उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित है।
जिले के नवागंतुक पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा जिस तरह से अचानक पुलिस थानों में पहुंच कर औचक निरीक्षण कर रहे हैं उससे पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है और थानों के इंचार्जों के अलावा थानेदारों की भी हवा इस बात को लेकर शंट है कि पता नहीं कब कौन उनके आबड़ में फंस जाए। हालांकि अभी तक पुलिस अधीक्षक ने किसी अधिकारी का कोई नुकसान नहीं किया है लेकिन अधीनस्थों को यह साफतौर पर जता दिया है कि लापरवाही बिल्कुल भी नहीं चलेगी, जनता की तकलीफों को सुन समझ कर उनका निदान करना होगा वरना कार्रवाई सुनिश्चित है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार रात कोतवाली कोंच और नदीगांव थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया गया एवं थाना कार्यालय के अभिलेखों व एचएस इंडेक्स का अवलोकन कर अभिलेखों के रखरखाव/अध्यावधिक, लंबित विवेचनाओं का समय से निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, थाना परिसर की साफ-सफाई आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोगों की बात सुनने के लिए वह चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं, अपना मोबाइल वह स्वयं ही अटैंड करते हैं, किसी कारण वश यदि मोबाइल अटैंड नहीं कर पाते हैं तो कॉल बैक करते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि थानाध्यक्षों को सीयूजी फोन नहीं उठाना भारी पड़ सकता है। विधान परिषद सदस्य चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी तैयारी पूरी तरह मुकम्मल है।
इस दौरान सीओ शैलेंद्र कुमार वाजपेयी, प्रभारी कोतवाल वीरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर बारेलाल आजाद, दरोगा सर्वेश कुमार सिंह, लालबहादुर यादव, मंसूर अंसारी, सागर चौकी प्रभारी संजय सिंह पाल, मंडी चौकी प्रभारी सुनील कुमार सैनी, सुरही चौकी प्रभारी शिव शंकर सिंह, सचिन शुक्ला, नदीगांव एसएचओ वीरेंद्र सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।



