जालौन में डीएम की जनसुनवाई में दिखी संवेदनशीलता, बुजुर्ग को मिलेगी कान की मशीन; जलभराव पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
75 वर्षीय प्रताप शुक्ला की समस्या पर डीएम ने सीएमओ को दिए निर्देश, दशहरी गांव में जल निकासी के लिए बीडीओ को मौके पर भेजने के आदेश

उरई। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जिलाधिकारी की जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ ही उनके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी समीर ने अपने कार्यालय कक्ष से जिलास्तरीय अधिकारियों को ऑनलाइन जोड़कर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
75 वर्षीय बुजुर्ग की परेशानी पर तत्काल मदद –
जनसुनवाई में कुठौंद निवासी करीब 75 वर्षीय प्रताप शुक्ला सुनने की समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि उम्र बढ़ने के साथ उनकी सुनने की क्षमता काफी प्रभावित हुई है, जिससे रोजमर्रा के कार्यों में परेशानी हो रही है। बुजुर्ग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रताप शुक्ला को उसी दिन कार्यालय बुलाकर आवश्यक परीक्षण कराया जाए और जरूरत के अनुसार कान की मशीन उपलब्ध कराई जाए।
बारिश के बाद जलभराव की शिकायत पर मौके पर पहुंचने के निर्देश –
इसी दौरान ग्राम दशहरी निवासी ज्ञान सिंह ने हाल में हुई बारिश के कारण गांव में जलभराव की समस्या की शिकायत की। उन्होंने बताया कि नालियों में पानी भर जाने और निकासी का उचित रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कदौरा को तत्काल गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण करने तथा पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
चकरोड और पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं –
जनसुनवाई में चकरोड, पारिवारिक कलह समेत विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन जोड़कर प्रत्येक प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता के साथ मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए और शिकायतकर्ता को वास्तविक समाधान का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।



