बुढ़वा मंगल पर ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में आठ दिवसीय मेला, घटिया वाले महावीर मंदिर मैदान में दो दिवसीय विशाल दंगल; सिटी मजिस्ट्रेट ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

उरई। बुढ़वा मंगल पर्व को लेकर उरई नगर में धार्मिक आयोजन, मेला और दंगल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल के अवसर पर आठ दिवसीय विशाल मेले का आयोजन किया जा रहा है।

वहीं घटिया वाले महावीर मंदिर के मैदान में दो दिवसीय विशाल दंगल भी आयोजित होगा। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और आवागमन व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
पूर्व एवं दक्षिण मुखी हनुमान जी के दर्शन से पूरी होती हैं मनोकामनाएं: महंत सिद्ध रामदास
सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंदिर के महंत श्री श्री सिद्ध रामदास महामण्डलेश्वर ने बुढ़वा मंगल पर्व की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर में पूर्व मुखी एवं दक्षिण मुखी हनुमान जी विराजमान हैं और श्रद्धालु यहां बड़ी आस्था के साथ दर्शन एवं पूजन करने पहुंचते हैं।

महंत ने बताया कि मंदिर में वर्ष 2005 से लगातार श्रीरामचरितमानस (अखंड रामायण) का पाठ चल रहा है, जिसका 21वां वर्ष चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 15 दिसंबर से मंदिर परिसर में वृंदावन धाम के कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण की रासलीला का आयोजन किया जाता है। इसका समापन 25 दिसंबर को होता है। इसके बाद श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाता है। कथा के समापन और नववर्ष के शुभारंभ के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 1 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन होता है, जिसमें साधु-संतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
फूल बंगले से सजेगा श्रीराम दरबार और हनुमान जी का दरबार –
बुढ़वा मंगल पर्व पर सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में विशेष सजावट की गई है। मंदिर परिसर में भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। श्रीराम दरबार और हनुमान जी के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। मेले में घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, झूले एवं अन्य आकर्षण भी लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। महंत श्री श्री सिद्ध रामदास महामण्डलेश्वर ने कहा कि बुढ़वा मंगल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं भक्तों का सहयोग मिलता रहा है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने मंदिर और दंगल स्थल का किया निरीक्षण –
बुढ़वा मंगल पर्व को लेकर जिलाधिकारी समीर के दिशा-निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर और घटिया वाले महावीर मंदिर मैदान का निरीक्षण किया।

सिटी मजिस्ट्रेट ने मंदिर परिसर में पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के महंत श्री श्री सिद्ध रामदास महामण्डलेश्वर से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग है। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराने की बात कही गई।

इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने घटिया वाले महावीर मंदिर मैदान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विशाल दंगल स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दंगल के आयोजक एवं प्रबंधक सुनील अवस्थी उर्फ टिन्नी महाराज से सुरक्षा एवं आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के साथ स्टेनो गौरव द्विवेदी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
बुढ़वा मंगल पर उरई में ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित –
बुढ़वा मंगल पर्व पर ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में आठ दिवसीय मेले और दो दिवसीय दंगल को देखते हुए उरई नगर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस प्रभारी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध –
– कोंच बस स्टैंड से जेल रोड जाने वाले सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
– रामकुंड पार्क से कोंच बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
कानपुर और औरैया जाने वाले वाहन –
झांसी रोड एवं कोंच रोड से कानपुर और औरैया की ओर जाने वाले वाहनों को कोंच बस स्टैंड से पहले चौराहे से मैकेनिक नगर होते हुए जालौन रोड बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा। इसी प्रकार कानपुर एवं औरैया की ओर से आने वाले वाहन जालौन बाईपास होते हुए झांसी और कोंच की ओर जा सकेंगे।
राठ-हमीरपुर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग –
राठ एवं हमीरपुर जाने वाले वाहनों को गोविंदम ढाबा, कालपी रोड हाईवे से राठ रोड और गल्ला मंडी के आगे से आवागमन कराया जाएगा। इसके अलावा रिनियां-बड़ागांव हाईवे से गल्ला मंडी उरई के आगे कट से उतरकर भी राठ-हमीरपुर की ओर जाने की व्यवस्था बताई गई है।
श्रद्धालुओं से प्रशासन के सहयोग की अपील –
बुढ़वा मंगल पर्व पर ठड़ेश्वरी हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और यातायात व्यवस्था का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।



