जालौन की सड़कों को मिलेगी गड्ढों से मुक्ति, 63 किमी मार्गों पर शुरू हुआ मरम्मत अभियान
जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर शुरू हुई गड्ढामुक्ति मुहिम, उरई क्षेत्र के पांच प्रमुख मार्ग पहले चरण में शामिल

उरई। जनपद की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिन्हित मार्गों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की खराब सतह और गड्ढों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में उरई क्षेत्र के पांच प्रमुख मार्गों की कुल 63 किलोमीटर लंबाई को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के तहत कोंच-पहाड़गांव-कमतरि मार्ग के 15 किलोमीटर तथा बंगरा रेडर-लगामपुरा मार्ग के 15 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा हमीरपुर-कालपी मार्ग के 20 किलोमीटर, आटा-चुर्खी मार्ग से नूरपुर संपर्क मार्ग के 3 किलोमीटर और जालौन-चुर्खी मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से को भी गड्ढामुक्त किया जा रहा है।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित खंडों के अधिशासी अभियंताओं ने चिन्हित मार्गों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हमीरपुर-कालपी मार्ग एसएच-91 श्रेणी में आता है, जबकि अन्य चयनित मार्गों में ओडीआर और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं।
राहगीरों और वाहन चालकों को मिलेगी राहत –
गड्ढामुक्ति अभियान का उद्देश्य सड़कों की स्थिति में सुधार करने के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का जोर इस बात पर है कि चिन्हित मार्गों पर आवागमन की समस्याओं को जल्द दूर किया जाए और सड़क की गुणवत्ता में प्रभावी सुधार दिखाई दे। आगामी चरणों में आवश्यकता के अनुसार जनपद के अन्य मार्गों को भी गड्ढामुक्ति अभियान में शामिल किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।



