वर्तमान सरकार ने उत्तर प्रदेश को सभी क्षेत्रों में अग्रणी प्रगति प्रदान की है : नितिन अग्रवाल

हरदोई (रितेश मिश्रा)। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद हरदोई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आबकारी एवं मद्य निषेध नितिन अग्रवाल ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी भवन प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई, जहां मंत्री ने फीता काटकर कृषि, उद्योग, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य, नेडा, बैंक, जल निगम, यातायात, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, एनआरएलएम, पशुपालन, डूडा सहित अन्य विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा उनकी माताओं को पोषण पोटली भी प्रदान की।
इसके पश्चात गांधी भवन सभागार में विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश के अंतर्गत उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री नितिन अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में मंत्री नितिन अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में जनपद को प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी अनुनय झा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपने 75 वर्षों के सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अग्रणी प्रगति की है। उन्होंने युवाओं से रोजगार सृजन की दिशा में आगे आने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने कार्यक्रम में मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए जनपद में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, विद्यालयों के कायाकल्प एवं खेल मैदानों की स्थापना जैसे कार्य कराए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री द्वारा जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, आशा, एएनएम, कृषि वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों, खिलाड़ियों, हस्तशिल्प कारीगरों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आरएफ डेमो चेक, उद्योग केंद्र के लाभार्थियों को टूल किट तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, टैबलेट एवं लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, उप जिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, परियोजना निदेशक, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने लखनऊ से प्रसारित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के सजीव कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन भी सुना।



