21 जून को आयोजित होगा योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम

कोंच/जालौन। नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगा की विस्तृत श्रृंखला तैयार की गई है जिसमें कोंच तहसील का मुख्य कार्यक्रम सरोजिनी नायडू पार्क में 21 जून को सुबह आठ बजे से आहूत किया जाएगा।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में सरकारी स्तर पर योगा के कार्यक्रमों की जो रूपरेखा बनाई गई है उसमें तहसील के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नोडल अधिकारी और कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किए गए हैं। कोंच तहसील का मुख्य कार्यक्रम सरोजिनी नायडू पार्क में सुबह आठ बजे से आहूत किया गया है जिसमें नोडल अधिकारी एसडीएम अंगद सिंह यादव/तहसीलदार आलोक कटियार बनाए गए हैं जबकि संयोजक आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंद्र वर्मा तथा योग प्रशिक्षक संजय सिंघाल नियुक्त किए गए हैं। जबकि नगर पंचायत नदीगांव में नोडल अधिकारी अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौर्य/बीडीओ गौरव कुमार नामित किए गए हैं तथा संयोजक फार्मासिस्ट प्रताप निरंजन एवं योग प्रशिक्षक अखिलेश व्यास को नियुक्त किया गया है।