अनुरुद्ध ने फिर जमाया क्रय विक्रय समिति पर कब्जा, हुए निर्विरोध निर्वाचित

कोंच (पीडी रिछारिया) संचालकों के बुधवार को निपटे चुनाव के बाद गुरुवार को सहकारी क्रय विक्रय समिति में सभापति और उप सभापति पदों पर भी चुनाव संपन्न हो गया जिसमें क्रमश: अनुरुद्ध सिंह परिहार व अजय कुमार निर्विरोध चुन लिए गए।
सहकारी क्रय विक्रय समिति के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में गुरुवार को चुनाव अधिकारी ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश त्रिपाठी व सहायक निर्वाचन अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी प्रशांत दुवे की देखरेख में गुरुवार को सभापति और उप सभापति पदों पर होने वाला चुनाव निर्विरोध निपट गया। सभापति पद पर निवर्तमान सभापति एडवोकेट अनुरुद्ध सिंह परिहार नदीगांव एक बार फिर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। वे नदीगांव ब्लॉक प्रमुख अर्जुन सिंह परिहार के बेटे और केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा के खासमखास अभिमन्यु सिंह परिहार डिंपल के भाई हैं। इसके अलावा उप सभापति पद पर अजय कुमार भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।
हालांकि इस पद पर एक अन्य प्रत्याशी ने भी नामांकन किया था लेकिन बाद में उसके नाम वापस ले लेने के साथ ही अजय को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। जैसे ही इनके निर्विरोध चुने जाने की घोषणा हुई, समिति परिसर में मौजूद उनके समर्थकों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया और जिंदाबाद के नारे लगाए।



