राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में भव्य दीक्षांत समारोह का किया गया आयोजन

उरई। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज उरई जनपद जालौन में दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक उरई श्री गौरी शंकर वर्मा रहे, जिन्होंने उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्रधानाचार्य श्री नीरज जोशी द्वारा मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि वे स्वयं राजकीय पॉलिटेक्निक उरई के वर्ष 1989 के पासआउट छात्र रहे हैं और आज उसी संस्थान में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करना उनके लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीकी शिक्षा केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा ‘पॉलिटेक्निक चलो अभियान’ का भी शुभारंभ किया गया, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया। संस्था के प्रधानाचार्य श्री नीरज जोशी ने अपने उद्बोधन में संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं दीक्षांत समारोह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रतिभा पंडित, राघवेन्द्र, संजीव अग्रवाल, ऋषिकांत त्रिपाठी, गौसुद्दीन, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार, संजीव कुमार, मनोज कुमार अहिरवार, जितेन्द्र कुमार गुप्ता, रमाकान्त अहिरवार, प्रकाश गुप्ता सहित संस्था के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



