मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा को लेकर छात्राओं को किया जागरूक

कोंच (विवेक द्विवेदी)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए संपूर्ण प्रदेश ‘मिशन शक्ति’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगर के एसआरपी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रवक्ता एस पी सिंह ने बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र छात्राओं को ’बालिका सुरक्षा’ संबंधी शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके उत्पीड़न को रोकने के लिए अनेक कानून हैं। महिलाओं और युवतियों को इन कानून के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवतियों को स्वयं को जागरूक तो बनाना ही चाहिए, साथ ही अपने को कमजोर भी महसूस नहीं करना चाहिए। अगर कोई उनके सम्मान से खिलवाड़ करता है तो उसके खिलाफ कठोर दंड की व्यवस्था है। महिलाओं के प्रति विभिन्न अपराधों की विस्तार से जानकारी देने के साथ उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले ये सभी कृत्य अपराधों की श्रेणी में आते हैं। जिनके तहत शिकायत की जा सकती है और अपराधी को सजा दिलाई जा सकती है।
साथ ही साइबर सुरक्षा, लैंगिक हिंसा, घरेलू हिंसा, पाक्सों एक्ट, महिला हेल्प लाइन नंबर 1090, 108, 1098, 100, बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या संबंधी तथा अन्य प्रचलित कानूनों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों जो अभिभावक भी हैं उनसे अपेक्षा की कि वे अपने बच्चों को विशेष कर पुत्रों को महिलाओं के प्रति सम्मानजन दृष्टिकोण रखने के संस्कार दें। उन्होंने छात्राओं को सशक्त बनने की प्रेरणा दी। इस मौके पर विद्यालय के हरिवंश श्रीवास्तव, शैलजा श्रीवास्तव, नरेंद्र परिहार, विवेक द्विवेदी मुक्तेश आदि मौजूद रहे।