उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसधर्म-आस्थाबड़ी खबर

घरों में घट स्थापन के साथ शक्ति उपासना का महान पर्व शारदीय नवरात्र हुआ प्रारंभ

नगर व देहात इलाकों में आधा सैकड़ा से भी ज्यादा पंडालों में विराजमान कराईं गईं हैं दुर्गा प्रतिमाएं

कोंच (पीडी रिछारिया)। शक्ति उपासना का प्रमुख पर्व शारदीय नवरात्र रविवार से सनातनी घरों में कलश स्थापन के साथ प्रारंभ हो गया, इसी के साथ देवी मंदिरों में जलाभिषेक और दर्शनों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आदि शक्ति मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को यहां नगर व देहात इलाकों में कमोवेश आधा सैकड़ा से भी अधिक दुर्गा पंडालों में विराजमान कराया गया है, मैया की आरती में सैकड़ों की संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रह कर उनकी कृपा दृष्टि प्राप्त कर रहे हैं। विभिन्न देवी मंदिरों में बड़े भोर से दिन चढे तक जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। ध्वनिविस्तारक यंत्रों से पूरे नगर में मैया के भजनों की गूंज सुनाई पड़ रही है। साधक भी अनुष्ठान करने में लगे हैं।

शक्ति उपासना का प्रमुख पर्व शारदीय नवरात्र घरों में घट स्थापन और जागरण पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं के प्रतिष्ठापन के साथ आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ हो गया है। नगर के प्रमुख मंदिरों मां सिंह वाहिनी, बड़ी माता, नारायणपुरी, धनुताल स्थित मां काली, बोदरी माता, शीतला माता आदि मंदिरों में बड़े भोर से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्घालुओं का तांता लग गया जो दिन चढे तक जारी रहा। मंदिरों को बड़ी ही सुघड़ता से अलंकृत किया गया है और मंदिर प्रबंधन व पूजा प्रबंधन मैया के नयनाभिराम श्रृंगार कर दर्शनार्थियों को आनंद प्रदान कर रहे हैं। नगर व क्षेत्र में आधा सैकड़ा से भी ज्यादा की संख्या में देवी जागरण मंचों की स्थापना की गई है, अकेले नगर में ही तीन दर्जन से अधिक दुर्गा पंडाल सजाए गए हैं जहां मैया के विभिन्न स्वरूपों को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ प्रतिष्ठित किया गया है।

नईबस्ती स्थित सिद्घेश्वर महादेव मंदिर के पार्श्व में पंचमुखी मां गायत्री को विराजमान कराया गया है। जागरण मंच द्वारा मंच आचार्य पं. विनोद दुवे दरोगा जी के निर्देशन में अनुष्ठान सम्पादित हो रहे हैं। मंच के कार्यकर्ता भक्तिभाव से मैया की सेवा पूजा कर रहे हैं। सर्राफा बाजार में मां काली की रौद्रमुख प्रतिमा स्थापित की गई है जहां श्रद्घालुओं की भीड़ दर्शनों के लिए उमड़ रही है। उधर, नगर पालिका कार्यालय के पार्श्व में मां अन्नपूर्णा, चंदकुआ पर मां सिंहवाहिनी, मार्कंडेयश्वर मंदिर पर मां गौरी सहित तमाम जागरण पंडालों में मैया की धूम मची है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button