भाजपा से बगावत पड़ी भारी, किए गए निष्कासित

उरई। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का सहयोग करने की बजाय विरोधियों के पक्ष में वोट मांगने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के चलते पांच भाजपाइयों को भाजपा जिलाध्यक्ष ने छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना जी ने बताया कि भाजपा के कुछ पदाधिकारी पार्टी प्रत्याशियों की बजाय विरोधी और बागी प्रत्याशियों का साथ दे रहे हैं और उनके लिए चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश नेतृत्व एवं क्षेत्रीय नेतृत्व के अनुमोदन से कदौरा के मंडल मंत्री योगेंद्र सिंह, बाबई के मंडल उपाध्यक्ष हरेंद्र बाथम, पूर्व जिला मंत्री राजकुमार कुशवाहा, मंडल उपाध्यक्ष महेवा जगदेव सिंह एवं महिला मोर्चा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनीता राज को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना जी ने कहा कि पार्टी के साथ जो भी गद्दारी करेगा उस पर निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भाजपाइयों से अपील की कि पूरी निष्ठा के साथ भाजपा प्रत्याशियों का साथ दें और उनको जिला पंचायत सीटों पर विजयी बनाएं।