ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए सुनहरा अवसर, DDU-GKY के तहत निःशुल्क GDA प्रशिक्षण शुरू
चार माह के प्रशिक्षण में हॉस्टल, भोजन, यूनिफॉर्म और पाठ्य-सामग्री की सुविधा, प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने का प्रयास

उरई। ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), उरई में जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
प्रिंसिपल आईटीआई एमएस भारती ने बताया कि चार माह की अवधि वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के पात्र युवक-युवतियों को रोजगारपरक कौशल के साथ आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, यूनिफॉर्म, पाठ्य-सामग्री, आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों के लिए कम्प्यूटर एवं अंग्रेजी भाषा की कक्षाएं, सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण तथा भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण-पत्र की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षणार्थियों और उनके माता-पिता के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था भी रहेगी।
प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने का प्रयास –
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए भी सहयोग प्रदान किया जाएगा। विभाग के अनुसार प्रशिक्षण के बाद संभावित रूप से 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह तक के रोजगार अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि वास्तविक वेतन संबंधित नियोक्ता, पद और रोजगार की शर्तों के आधार पर निर्धारित होगा।
18 से 35 वर्ष के ग्रामीण युवक-युवतियां पात्र –
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु के ग्रामीण युवक-युवतियां पात्र होंगे। अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक स्तर हाईस्कूल (10वीं) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और पांच पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने होंगे।
पंजीकरण और जानकारी के लिए संपर्क करें –
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उरई की ओर से जनपद के पात्र ग्रामीण युवक-युवतियों से अपील की गई है कि वे इस निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाकर अपने हुनर को विकसित करें और रोजगार के बेहतर अवसरों की दिशा में आगे बढ़ें। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए प्रधानाचार्य/जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), उरई से संपर्क किया जा सकता है।
संपर्क नंबर:
📞 8299276687
📞 8081339471



