प्लाज्मा देने के लिए आगे बढ़कर आएं लोग : इं. अजय इटौरिया

उरई। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की सेवा भारती के द्वारा संचालित मेडिकल कालेज में कैंटीन के सहयोग के लिए भारत विकास परिषद मुख्य शाखा उरई आगे बढक़र आई। भारत विकास परिषद ने लगभग एक सप्ताह का राशन सेवा भारती की कैंटीन में उपलब्ध कराया।
भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष इंजी. अजय इटौरिया ने बताया बुंदेलखंड प्रांत की सभी शाखाएं अपने अपने स्तर पर सामाजिक सहयोग में बढ़ चढक़र हिस्सा ले रही हैं। झांसी विवेकानंद शाखा प्लाज्मा बैंक के रूप में संचालित कर रही है जिसमें सैकड़ों मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने सभी से निवेदन किया कि जो भी पहले कोरोना पाजीटिव आए हों वह प्लाज्मा देने के लिए आगे बढक़र आएं जिससे कि दूसरे लोगों की जान बचाई जा सके। संरक्षक डा. रामकिशोर पहारिया ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों के तीमारदारों को भोजन के लिए भटकना पड़ता था। उसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बहुत अच्छी सराहनीय पहल रही। इस पहल का भारत विकास परिषद स्वागत करता है और जो भी सहयोग की आवश्यकता रहेगी भारत विकास परिषद उसमें बढ़ चढक़र हिस्सा लेगी। अध्यक्ष लखन लाल चंदैया ने बताया कि भारत विकास परिषद ने पल्स आक्सीमीटर खरीदे हैं। यदि किसी को इमरजेंसी आवश्यकता हो तो वह संपर्क करके प्राप्त कर सकता है। सचिव मोहित सिपौलिया ने बताया कि भारत विकास परिषद मुख्य शाखा उरई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संचालित कैंटीन में आटा तेल और राशन उपलब्ध करवाया है। निश्चित तौर पर इस कैंटीन के द्वारा लॉकडाउन के दौरान परेशान हो रहे तीमारदारों को भोजन उपलब्ध हो रहा है जो कि आज के इस दौर में बहुत महान कार्य है। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष इजी. अजय इटौरिया, अध्यक्ष लखन लाल चंदैया, शाखा सचिव मोहित सिपौलिया, नगर कार्यवाह डा. ब्रह्मानंद खरे, बलवीर सोनी, लवकुश, प्रद्युम्न, ऋषि, उपेंद्र उपस्थित रहे।