तमंचा अड़ा कर बदमाशों ने सब्जी व्यापारी से मोबाइल सहित लूटे बाइस हजार रुपये, पुलिस का लूट मानने से इंकार

– काफी दूर से पीछे लगी थी बदमाशों की बाइक, मौका लगते ही वारदात को दे डाला अंजाम
कोंच (पी.डी. रिछारिया)। बुधवार की रात लगभग साढे आठ बजे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोरा और बस्ती के बीच बदमाशों ने तमंचा अड़ा कर एक सब्जी व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। लूट का शिकार हुआ व्यापारी मध्यप्रदेश के रौन का रहने बाला है और अक्सर कोंच सब्जी मंडी से सब्जी खरीदने आता रहता है। व्यापारी ने बताया कि बदमाशों की बाइक काफी दूर से उसका पीछे लगी थी लेकिन वह समझ नहीं सका कि बाइक सवार लोग बदमाश हो सकते हैं। सूचना पर सीओ राहुल पांडे ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया।
जैतपुरा रोड गौरई थाना रौन जिला भिंड निवासी जुनैद राईन पुत्र सलीम राईन बुधवार को रौन से कोंच सब्जी खरीदने के लिए आ रहा था। जब उसकी बाइक संख्या यूपी 92 एसी 4286 रात लगभग साढे आठ बजे कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बस्ती व गोरा के बीच पहुंची तो पीछे से आ रही एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों ने बराबरी पर आकर तमंचा दिखा कर उसे रुकने पर मजबूर कर दिया। उसके रुकते ही उन लोगों ने तमंचा कनपटी पर अड़ा कर उसकी जेब में पड़ा माल उनके हवाले करने के लिए धमकाया तो जुनैद ने इसका विरोध किया जिस पर बदमाशों ने फायर कर दहशत पैदा कर दी और जेब में रखे 21 हजार 700 रुपए व मोबाइल फोन तथा बाइक की डिक्की में रखे गाड़ी के कागजात लूट लिए और भाग गए। जाते जाते बदमाश उसकी बाइक की चाभी और प्लग भी ले गए। किसी तरह वह लगभग दो किमी बाइक घसीट कर एक मैंथा प्लांट पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। उन्हीं के मोबाइल से उसने अपने घर और यूपी 112 पर अपने साथ घटित हुई घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जुनैद ने बताया कि बदमाश शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण वह बदमाशों की बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर सका। जुनैद ने उक्त घटना को लेकर पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। इस घटना को लेकर सीओ राहुल पांडे का कहना है कि वह मौके पर गए थे, सब्जी व्यापारी की बाइक की डिक्की में रुपए थे और एक जगह रुक कर जब वह लघुशंका करने लगा तो किसी ने डिक्की से पैसे चोरी कर लिए। चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तमंचे और फायर की बात गले नहीं उतर रही है फिर भी वह पूरे मामले की जांच करा रहे हैं।
एक दिन में तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया बदमाशों ने
कोरोना कर्फ्यू के अनलॉक होने के बाद कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने ताबड़तोड़ घटनाओं की झड़ी लगा दी है। एक दिन में कोतवाली क्षेत्र में तीन घटनाओं को बदमाशों ने अंजाम दे कर कोतवाली पुलिस को चुनौती दे डाली है। बुधवार को दोपहर में एक महिला के हैंड पर्स से 31 हजार रुपए बदमाशों ने पार कर दिए और शाम को नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा लगाकर सब्जी व्यापारी से 22 हजार की लूट कर डाली। इसी रात बस स्टैंड पर चोरों ने एक दुकान के ताले चटका कर हजारों का माल पार कर दिया।
बाइक की चाबी और प्लग भी छीन ले गए बदमाश
सब्जी व्यापारी के साथ हुई लूटपाट में नकाबपोश बदमाश नगदी के साथ मोबाइल तो ले ही गए, बाइक की चाभी व प्लग भी छिना ले गए ताकि व्यापारी उनका पीछा न कर पाएं। हुआ भी यही, सब्जी व्यापारी को दो किमी बाइक घसीटनी पड़ी और तब तक बदमाश आराम से निकल लिए।



