भाजपा के प्रदीप गुप्ता ने निर्दलीय विज्ञान को परास्त, एआईएमआईएम प्रत्याशी भी खूब लड़ा
नदीगांव में भाजपा की मीना देवी ने सपा की रमा को हराकर जीत दर्ज कराई

कोंच (पीडी रिछारिया)। कोंच पालिकाध्यक्ष पद हेतु शनिवार को एसआरपी इंटर कॉलेज में शाम तक चली मतगणना के बाद घोषित नतीजों में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी विज्ञान विशारद सीरौठिया को मात्र 43 मतों से शिकस्त देकर पालिका अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया।
हर राउंड में चली कांटे की लड़ाई में चले चूहे बिल्ली के खेल को विराम देते हुए अंत में भाजपा के प्रदीप गुप्ता ने विजयश्री हासिल कर ली, उनको कुल 6562 और विज्ञान को 6519 वोट मिले। तीसरे नंबर पर एआईएमआईएम प्रत्याशी डॉ. संजीव निरंजन को 6156, बसपा प्रत्याशी शीतल कुशवाहा को 5681, सपा प्रत्याशी सुषमा शुक्ला को 5528 वोट मिले। निर्दलीय सिराज काजी को 1286, कांग्रेस के तौसीफ को 955, निर्दलीय सुरेश गुप्ता को 93 मत मिले जबकि 1640 मत अमान्य निकले।
नदीगांव में भाजपा की मीना देवी ने जीत दर्ज कराई –
नदीगांव नगर पंचायत का चुनाव भी कम दिलचस्प नहीं था, यहां केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी क्योंकि उनकी किचिन केबिनेट के खास सदस्य अभिमन्यु सिंह डिंपल ने पर्दे के पीछे रहकर भाजपा की उम्मीदवार मीना देवी को चुनाव मैदान में उतारा था।
मीना देवी ने 1909 वोट के अंतर से अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की रमा देवी को शिकस्त देकर टाउन एरिया पर कब्जा कर लिया। मीना को 3393 व रमा को 1484 वोट मिले, निर्दलीय प्रत्याशी रेखा महज 70 वोट पर सिमट कर रह गई। इसके अलावा दसों वार्डों में जीते सभासदों की घोषणा आरओ द्वारा की गई जिसके मुताबिक वार्ड संख्या 1 कटरा मोहाल आंशू बागला, वार्ड संख्या 2 छिपन मोहाल मठू कुशवाहा, वार्ड संख्या 3 चोपड़ा मोहाल सुनीता, वार्ड संख्या 4 घोसीपुरा मोहाल राम नारायण यादव, वार्ड संख्या 5 बाजार मोहाल अमित जाटव, वार्ड संख्या 6 ब्लॉक मोहाल राजकुमारी, वार्ड संख्या 7 परिहार मोहाल सुर्राज सिंह, वार्ड संख्या 8 कछियाना मोहाल सूरज सिंह, वार्ड संख्या 9 शीशगर मोहाल निशा, वार्ड संख्या 10 राधावल्लभ मोहाल से सुबोध कुमार ने जीत दर्ज कराई।