किसानों को सरकार की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध एकजुट होना पड़ेगा : पवनेश उपाध्याय
किसानों की हर समस्या के साथ है भारतीय किसान कल्याण संघ : कैप्टन डीपीएन. सिंह

प्रयागराज। भारतीय किसान कल्याण संघ द्वारा सदस्यता अभियान का शुभारम्भ प्रयागराज के विकास खंड करछना के धरवारा गांव से किया गया। जिसमें कुल 21 सदस्यों ने सदस्यता ग्रहण करके इस अभियान की शुरुआत की। समारोह की अध्यक्षता रिटायर्ड मेजर ठाकुर टी.पी. सिंह ने की एवं मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व न्यायाधीश भारतीय किसान कल्याण संघ के राष्ट्रीय संरक्षक कैप्टन डीपीएन सिंह जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवनेश उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर सिंह जी रहे। संचालन निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र ने किया।
समारोह में किसानों की दमनकारी नीतियों पर विरोध जताया गया ट्रैक्टर ट्राली पर किसान अपने मजदूरों एवं अपने परिवार को अपने खेतों तक नहीं ले जा सकता इस पर भी चर्चा की गई। इसके विरोध में जल्द ही ट्रैक्टर रैली निकाल कर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। मुख्य अतिथि कैप्टन डी पी एन सिंह जी ने कहा कि किसानों की किसी भी समस्या के साथ संगठन है हम सब मिलकर के उसका समाधान करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवनेश उपाध्याय ने कहा आज किसानों को एकजुट होने की आवश्यकता है जब तक एकजुट नहीं होंगे तब तक सरकारें किसानों का शोषण करती रहेंगी एवं दमन का कार्य नीतियां अपनाकर के उनको प्रताड़ित करती रहेगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर सिंह ने सदस्यता पर बल देते हुए सभी किसानों से सदस्यता लेने पर जोर दिया। क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी जनार्दन प्रसाद पांडे ने सदस्यता लेकर के संगठन को मजबूत बनाते हुए आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
शंकरगढ़ से आए छत्रपति शिवाजी गरीब समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दत्त त्रिपाठी ने भी संगठन में निष्ठा व्यक्त करते हुए सदस्यता ग्रहण की और संगठन को पूरे प्रदेश में आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। प्रदेश सचिव अमित द्विवेदी ने किसानों को एकजुट होने का आवाहन करते हुए संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया। जिला उपाध्यक्ष जनार्दन सिंह जिला महासचिव विनय सिंह पत्रकार शिवम मिश्र ब्लॉक अध्यक्ष बीरू सिंह विवेक कुमार पाण्डेय, डॉ अभय तिवारी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।