नव निर्वाचित ब्लॉक प्रधान संघ के पदाधिकारिओं ने बीडीओ एवं तहसीलदार से मुलाकात कर रखी अपनी माँगें

जालौन (ब्रजेश उदैनिया) प्रधान संघ के निर्विरोध चुनाव संपन्न होने के बाद सभी ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से ‘ब्लॉक प्रधान संघ’ का गठन किया गया। संघ के गठन के बाद सभी की सहमति से संगठन के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का चयन किया गया।
जिसमें अध्यक्ष पद के लिये श्रीमती शिखा सिंह प्रधान (हरदोई राजा) को, उपाध्यक्ष पद के लिए जयराम सिंह प्रधान (अलाईपुरा) को एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए श्री शिव कुमार प्रधान (खनुआ) को एवं महामंत्री पद के अमित तिवारी प्रधान (मलकपुरा) को चुना गया। चयन प्रक्रिया के बाद संगठन के सभी उपस्थित ग्राम प्रधानों ने संतराम खंड विकास अधिकारी जालौन से मुलाकात कर रोस्टर प्रणाली के तहत अनिवार्य रूप से सचिवों के पंचायत भवन में बैठने की मांग की गयी। जिससे ग्रामीणों की मूल आवश्यकताओं को गांव में ही पूरा किया जा सके।
इसी के साथ संगठन ने बलराम गुप्ता तहसीलदार से मिलकर रोस्टर प्रणाली के तहत सप्ताह में कम से कम एक बार लेखपालों द्वारा ग्राम पंचायत में आकर भूमि/राजस्व संबंधी कार्यों को निपटाने की भी मांग की। प्रधान संघ की दोनों मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आश्वासन दोनों अधिकारियों द्वारा दिया गया। प्रधान संघ के इस गठन में खनुआ के ग्राम प्रधान शिव कुमार ने विशेष भूमिका निभाई, उनकी इस पहल के कारण संगठन के सभी सदस्यों ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।