उत्तर प्रदेशजालौनबड़ी खबर
उरई विकास प्राधिकरण के क्रिया कलापों पर आयुक्त ने जतायी नाराजगी


उरई विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने बैठक में कहा कि योजना के आंतरिक विकास संबंधी कार्य पहले से ही प्रस्तावित होने चाहिए जिससे बाद में अनावश्यक खुदाई आदि से बचा जा सके। क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्तापरक कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में उरई विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी गति पर असंतोष जताया और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सचिव द्वारा प्राधिकरण की आवासीय, व्यवसायिक योजनाओं के संबंध में अवगत कराया गया। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि प्राधिकरण को अपनी आय बढ़ाने के लिए ऐसे स्थलों को चिह्नित करना होगा। जिन बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है ऐसे क्षेत्रों में जो पुराने मकान कोई व्यक्ति बेचना चाहता है उसे खरीद कर कामर्शियल कांप्लेक्स और पार्किंग प्लेस बनाने की योजना पर विचार करना होगा। आईटीआई उरई प्रतीक्षालय निर्माण कार्य और राठ बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय निर्माण कार्य के लिए स्टीमेट में देरी पर सहायक अभियंता से नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए। इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराया जाए। मंडलायुक्त ने उरई विकास प्राधिकरण सचिव को निर्देश दिए कि बोर्ड के नामित सदस्यों से आपसी संवाद बनाए रखें। सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्र में संभावित विकास के दृष्टिगत विचारों को सम्मिलित किया जाए।