पिकनिक मनाने आयीं दो सगी बहनें बेतवा नदी में डूबीं, एक को बचाया, एक लापता

एट/जालौन। मंगलवार की सुबह दोस्तों के साथ दो सगी बहनें छोटे भाई को लेकर पिकनिक मनाने बेतवा नदी सलाघाट पर पहुंची जहां नहाते समय दोनों बहनें पानी में बहकर डूब गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने छोटी बहन को बचा लिया वहीं बड़ी बहन पानी का तेज बहाव होने के चलते बह गई। हादसे की सूचना लगते ही मौके पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से डूबी लडक़ी की खोजबीन कराई जा रही है। हादसे की खबर लगते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।
कोटरा थाना क्षेत्र के जागेश्वर धाम सलाघाट जिला झांसी पूंछ निवासी निशा साहू (18 वर्ष) अपनी छोटी बहन रोशनी साहू एवं पांच वर्षीय छोटे भाई लकी को लेकर अंशुल साहू निवासी गिधौशा एवं दिनेश चौहान निवासी पूंछ के साथ बाइक से जागेश्वर धाम सलाघाट पर सावन के पहले दिन दर्शन और साथ में पिकनिक मनाने आई हुई थी। पिकनिक मनाने के बाद वह बेतवा नदी में नहा रही थी तभी अचानक दोनों बहनों का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गई। वहां पर बैठे लोगों ने किसी तरह छोटी बहन रोशनी को बहते पानी से बचा लिया जबकि बड़ी बहन निशा पानी का तेज बहाव होने के चलते डूब गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पानी में बही निशा साहू की तलाश शुरू कर दी है। वहीं हादसे की खबर लगते ही मौके पर परिजन भी पहुंचे जहां पिता वीर सिंह साहू ने बताया कि दोनों लड़कियों घर से दर्शन करने की बात कहकर निकली थी। प्रभारी निरीक्षक कोटरा महेश कुमार का कहना है कि गोताखोरों की मदद से निशा को ढूंढा जा रहा है।



