डीएम व एसपी ने फीता काटकर नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र का किया शुभारम्भ
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण व स्वावलंबन की दिशा में प्रशासन का अहम कदम

उरई। जनपद में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली जालौन परिसर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ित महिलाओं को सहायता तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मिशन शक्ति केंद्र पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय का सशक्त माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा मित्तल एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल को महिलाओं के हित में एक सराहनीय कदम बताते हुए प्रशासन की प्रशंसा की। उद्घाटन अवसर पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को दोहराया। इस मौके पर एसडीएम हेमंत पटेल, कोतवाल आनंद सिंह मौजूद रहे।



