जालौन में ‘ऑपरेशन कवच-2.0 ! नियम तोड़ने वाली 5 स्लीपर बसों पर कार्रवाई, यात्रियों को रोडवेज से पहुंचाया गया गंतव्य
बस-बॉडी कोड, ऊंचाई मानक और ओवरलोडिंग की जांच के लिए 24 घंटे चल रहा विशेष अभियान; 28 और 29 सितंबर को कई बसों के चालान

उरई। यात्रियों की सुरक्षा और बस संचालन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जालौन में परिवहन विभाग का ‘ऑपरेशन कवच-2.0’ विशेष प्रवर्तन अभियान जारी है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में 28, 29 और 30 सितंबर 2026 तक 24 घंटे अनवरत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत बस-बॉडी कोड एवं निर्धारित ऊंचाई मानकों के अनुपालन, अतिरिक्त सामान व कैरियर पर अत्यधिक लोड तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है। जनपद में एक अधिकारी की कमी के चलते अभियान में अन्य संभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
5 स्लीपर बसों पर कार्रवाई –
परिवहन विभाग के अनुसार 28 सितंबर की रात से 29 सितंबर के पूर्वाह्न तक नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 5 स्लीपर बसों के खिलाफ चालान/निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई।

इनमें राजेश कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जालौन द्वारा 2 स्लीपर बसों, हेमचन्द्र गौतम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), झांसी द्वारा 2 स्लीपर बसों तथा आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी, जालौन द्वारा 1 स्लीपर बस के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन बसों को जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। इसके अलावा अन्य उल्लंघनों के मामलों में भी बड़ी संख्या में बसों के चालान किए गए।
बसें निरुद्ध हुईं तो यात्रियों की भी हुई व्यवस्था –
परिवहन विभाग ने कार्रवाई के दौरान यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा। जिन बसों को निरुद्ध किया गया, उनमें सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, उरई (जालौन) की बसों के सहयोग से वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अग्रिम आदेश तक जारी रहेगा अभियान –
विभाग के अनुसार बसों से होने वाली यात्रा को सुरक्षित और अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन कवच-2.0’ अभियान अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।



