मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग छात्रों और जूनियर डॉक्टरों में टकराव, दोनों पक्षों का प्रदर्शन
क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो से मामला चर्चा में; दोनों पक्षों ने कॉलेज प्रशासन को दी शिकायत

उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में मंगलवार को क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों और एमबीबीएस इंटर्न के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। नर्सिंग विद्यार्थियों ने कामकाज का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया, वहीं जूनियर डॉक्टरों ने भी प्रदर्शन कर अपना पक्ष रखा।

बताया जा रहा है कि 22 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे बीएससी नर्सिंग बैच-2022 के कुछ विद्यार्थियों और एमबीबीएस बैच-2021 के इंटर्न के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
नर्सिंग विद्यार्थियों ने दी लिखित शिकायत –
घटना के बाद नर्सिंग विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। विद्यार्थियों ने क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए संबंधित एमबीबीएस इंटर्न से लिखित माफी की मांग भी रखी है।

जूनियर डॉक्टरों ने भी किया प्रदर्शन –
दूसरी ओर, घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने भी मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले में अपना पक्ष रखते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों के प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

जांच के बाद स्पष्ट होगी विवाद की पूरी तस्वीर –
फिलहाल विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की क्या भूमिका रही, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घटना के कुछ हिस्से दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति कॉलेज प्रशासन की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन के सामने दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर स्थिति सामान्य करने और परिसर में तनाव खत्म करने की चुनौती है। मामले में प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।



