उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

दुनिया के बाजार में जालौन की दस्तक, यूपीआईटीएस-2026 में पांच उद्यमी करेंगे प्रतिनिधित्व

कालपी के हाथ कागज से लकड़ी के खिलौने, गौ-निर्मित उत्पाद और स्थानीय खाद्य पदार्थों तक दिखेगी जालौन की पहचान

उरई। बुंदेलखंड की धरती पर अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला जनपद जालौन अब अपने स्थानीय हुनर, उत्पादों और उद्यमिता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 में जनपद जालौन के पांच उद्यमी अपने उत्पादों के साथ देश-विदेश के खरीदारों के सामने जनपद की औद्योगिक एवं स्थानीय उत्पाद क्षमता का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यूपीआईटीएस-2026 का आयोजन 24 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, नॉलेज पार्क-2 में किया जाएगा। आयोजन में करीब 80 देशों की भागीदारी के बीच जालौन के उद्यमियों को अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और नए कारोबारी संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी समीर ने स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने पर दिया जोर –
जिलाधिकारी समीर ने जनपद में उद्योगों के विस्तार और स्थानीय उद्यमिता को नई गति देने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जालौन के पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ छोटे-बड़े उद्योगों और नवाचार आधारित कारोबार को भी आगे लाया जाए।

जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और बाजार उपलब्धता को मजबूत करने तथा ऐसे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं, जिनमें उत्पादन बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की क्षमता है। इसी क्रम में यूपीआईटीएस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों को जालौन के उद्यमियों के लिए कारोबारी विस्तार का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

कालपी का हाथ कागज रहेगा प्रमुख आकर्षण –
यूपीआईटीएस-2026 में जालौन की ओर से पांच प्रतिभागियों को स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इनमें कालपी का प्रसिद्ध हाथ कागज उद्योग प्रमुख आकर्षण रहेगा।

कालपी के हाथ कागज को ओडीओपी और जीआई टैग के माध्यम से पहले ही विशिष्ट पहचान मिल चुकी है। अब अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इसके उत्पादों को विदेशी खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

ये पांच उद्यमी करेंगे जालौन का प्रतिनिधित्व –
उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर के अनुसार यूपीआईटीएस-2026 में जनपद के पांच प्रतिभागी विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

नरेंद्र तिवारी, अध्यक्ष हाथ कागज संघ, कालपी — ओडीओपी (हाथ कागज) एवं जीआई टैग श्रेणी
अमन चंदेल — लकड़ी के खिलौने
राधा पाण्डेय — गौ-निर्मित उत्पाद
अखिलेश पाल — ओडीओसी के अंतर्गत रसगुल्ला एवं गुझिया
शौर्य कुमार सिंह, अनुरागिनी संस्थान, कालपी — हाथ कागज उत्पाद

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर –
यूपीआईटीएस-2026 जालौन के उद्यमियों के लिए केवल प्रदर्शनी का मंच नहीं है, बल्कि उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्थानीय उत्पादों की सीधी प्रस्तुति से नए कारोबारी संपर्क, विपणन और व्यापार विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। छोटे उद्यमियों को बड़े बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा, जबकि स्थापित उद्योग नए ग्राहकों और बाजारों से जुड़ सकेंगे।

प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओडीओपी एवं जीआई टैग, सीएम युवा तथा ओडीओसी श्रेणी के प्रतिभागियों को स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा ट्रेड शो में प्रतिभाग करने वाले उद्यमियों को ट्रांसपोर्टेशन पर 75 प्रतिशत तक किराया प्रतिपूर्ति का भी प्रावधान है।

कृषि प्रधान पहचान के साथ औद्योगिक पहचान मजबूत करने की तैयारी –
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप जनपद में उद्योगों के विस्तार को केवल पारंपरिक उत्पादों तक सीमित न रखते हुए स्थानीय स्तर पर संचालित छोटे-बड़े उद्योगों, नए उद्यमियों और नवाचार आधारित कारोबार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि जालौन की पहचान कृषि प्रधान जनपद के साथ-साथ उत्पादन, उद्यमिता, स्थानीय ब्रांड और रोजगार सृजन के उभरते केंद्र के रूप में भी मजबूत हो।

कालपी का हाथ कागज उद्योग, लकड़ी के खिलौने, गौ-निर्मित उत्पाद और स्थानीय खाद्य उत्पाद यूपीआईटीएस-2026 में जालौन की विविध उत्पाद क्षमता को प्रदर्शित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह भागीदारी स्थानीय हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button