नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने संभाली जालौन की कमान, कोषागार में ग्रहण किया पदभार
जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन पर रहेगा जोर

उरई। जनपद जालौन के नवागंतुक जिलाधिकारी समीर ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार पहुंचकर विधिवत रूप से जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं एवं जनपद में चल रहे विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी समीर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं संवेदनशील बनाया जाएगा। साथ ही जालौन के विकास को गति देने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
पदभार ग्रहण के अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी उरई कुमार उत्तम, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



