जल्द शुरू होगा “मराठा कालीन गणेश मन्दिर” का जीर्णोद्धार का कार्य

कालपी (ज्ञानेंद्र मिश्रा)। नगर का प्रमुख मराठा कालीन गणेश मन्दिर के जीर्णोद्धार की मांग काफी समय से की जा रही है जिसको लेकर क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी ने 9 अक्टूबर 2025 को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मन्दिर का जीर्णोद्धार कराई जाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको गंभीरता से लेते हुये मराठा कालीन गणेश मन्दिर की कार्य योजना धर्मार्थ योजना के अंतर्गत बनाने के लिये जिलाधिकारी जालौन को निर्देश दिये गये।

कालपी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्र के विकास एवं ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों को सुरक्षित एवं संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयासरत है बीते माह 9 अक्टूबर 2025 को उन्होनें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर कालपी नगर के गणेशगंज स्थित अति प्राचीन मराठा कालीन गणेश मन्दिर जहां 1857 के युद्ध में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने दो गणेश जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करके अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़कर उनके दांत खट्टे किए थे। इस ऐतिहासिक मन्दिर को संरक्षित करने एवं इस पौराणिक स्थल के जीर्णोद्धार हेतु मुख्यमंत्री से मांग की थी जिसको गंभीरता से लेते हुए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मार्थ निदेशालय को निर्देशित किया कि इस ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल के जीर्णोद्धार एवं सुंन्दरीकरण हेतु कार्य योजना बनाई जाए धर्मार्थ कार्य विभाग निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के संयुक्त निदेशक ने जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय को पत्र लिखकर इसकी कार्य योजना बनवाए जाने के निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी जालौन ने लोक निर्माण विभाग खण्ड तृतीय को अविलंब इसकी कार्य योजना बनाकर शासन को भेजने के लिए निर्देशित किया। लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय के सहायक अभियंता जितेन्द्र कुमार एवं अवर अभियंता बृजेंद्र कुमार ने विधायक प्रतिनिधि मनोज चतुर्वेदी के साथ मंगलवार को उसकी कार्य योजना बनाये जाने हेतु मौके पर पहुंचकर काम शुरू कर दिया। सहायक अभियंता जितेन्द्र कुमार ने बताया कि इस ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए एवं सत्संग भवन भजन संध्या स्थल आदि जो भी आवश्यक कार्य है उसकी कार्य योजना बनाकर जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दी जाएगी। मन्दिर के भक्त शशिकांत सिंह चौहान, प्रेम कुमार गुप्ता, देवी शरण गुप्ता, बन्टू यादव, जयवीर यादव, राम कुमार तिवारी, पवन गुप्ता रज्जन चाचा, मोहन शुक्ला,कुलदीप शुक्ला आदि ने क्षेत्रीय विधायक के इस प्रयास की सराहना की।



