मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक

कोंच/जालौन। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि किसी भी विषम परिस्थिति में वे किस तरह से वूमैन हेल्पलाइन नंबर्स के जरिए पुलिस या अन्य तरह की सरकारी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
शासन ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस महकमे को महिलाओं को जागरूक करने पर लगाया है। एसपी रवि कुमार, एएसपी राकेश कुमार सिंह और सीओ कोंच राहुल पांडे के दिशा निर्देशन में सर्किल के थाने लगातार महिलाओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर उन्हें सजग और सचेत रहते हुए उनके प्रति होने वाले किसी भी तरह के अपराध का कड़ा प्रतिकार करने और संचालित वूमैन हेल्पलाइन नंबर्स का उपयोग कर सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक कर रही है। कोतवाली के एसआई सचिन शुक्ला, महिला सिपाही रेनू, प्रीति व संगीता ने ग्राम चांदनी, बसोब, चंदुर्रा में जाकर सरकारी स्कूलों में महिलाओं के साथ बैठकें कीं और महिलाओं को जागरूक करते हुए सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबरों 1076, 112, 181, 1090 की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से बातचीत करके उनकी समस्याएं सुनीं तथा मदद और सुरक्षा का भरोसा दिया। पुलिस की इस मुहिम को ग्रामीण क्षेत्रों में काफी सराहा जा रहा है और महिलाएं हेल्पलाइन नंबर्स को अपने मोबाइल में सुरक्षित कर रही हैं।