एंबुलेंस से बकरियों की चोरी करने वाले तीन चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नदीगांव पुलिस ने एंबुलेंस व तमंचा सहित चोरी की गई बकरी बरामद की

कोंच (पीडी रिछारिया)। थाना नदीगांव पुलिस ने एंबुलेंस का इस्तेमाल बकरी चुराने में करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरों के पास से वारदात में प्रयुक्त होने वाली एंबुलेंस व तमंचा कारतूस सहित चोरी की गई बकरी भी बरामद की है। उक्त तीनों चोरों के विरुद्ध थाना नदीगांव व माधोगढ़ में पहले भी तमाम मुकदमे दर्ज हैं।
मामले के मुताबिक नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कटकरी निवासी राकेश कुमार पुत्र धर्मपाल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 19 नवंबर की शाम 4 बजे वह खेत पर बकरियां चरा रहा था तभी आरजे 11 पीए 3657 नंबर की एक एंबुलेंस आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने असलहा की दम पर उसकी एक बकरी उठाकर एंबुलेंस में बंद कर ली थी जिसके बाद उक्त लोग मौके से भाग गए थे। उक्त घटना को लेकर पुलिस ने धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी थी। सोमवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र पटेल के निर्देशन में दरोगा जितेंद्र चंदेल ने सिपाही विश्वास यादव, महेंद्र भारती, आदित्य तिवारी, प्रमलेश कुमार के साथ मिलकर एमपी बॉर्डर पर गिदवासा गांव के समीप से दो सगे भाइयों शिवम व सुमित कोरी एवं जीतू जाटव निवासीगण ग्राम अकबरपुरा थाना माधौगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उक्त चोरों के पास से चोरी में प्रयुक्त एंबुलेंस व चोरी की गई बकरी के अलावा 315 बोर का एक तमंचा व 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में दफा 411 व आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी कर तीनों को जेल भेज दिया है। उक्त तीनों चोरों के खिलाफ थाना नदीगांव व माधौगढ़ में पूर्व से ही तमाम मुकदमे दर्ज हैं।



