आधी रात में आतिशबाजी कर नए साल का स्वागत किया, दिन में मंदिरों में मत्था टेका
केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप व विधायक मूलचंद्र ने लोगों से मिलकर दी शुभकामनाएं

कोंच (पीडी रिछारिया) तमाम खट्टी मीठी यादों को अपने में समेटे साल 2022 विदाई ले गया और नई उम्मीदों व उमंगों के साथ नए साल ने धूमधाम के साथ पदार्पण किया। नए साल के स्वागत में जहां आधी रात में आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा तो कई जगह युवाओं ने धमाल किया, बच्चों संग केक काटकर उन्होंने नए साल का स्वागत किया। पहली जनवरी को मंदिरों में जाकर लोगों ने मत्था टेका और घर परिवार के लिए सुख समृद्धि मांगी।
नए वर्ष 2023 के आगमन की खुशियों में हर उम्र के लोग शामिल दिखाई दिए जिन्होंने अपने अपने मुताबिक नए वर्ष का स्वागत कर एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही बच्चों से लेकर बड़े बूढ़ों व महिलाओं ने सुप्रसिद्ध बड़ी माता, मां काली, दोहर, गुदरिया, पंचमुखी, केला देवी आदि मंदिर जाकर मत्था टेका और भगवान से घर परिवार की खुशहाली की दुआ मांगी। सोशल साइट के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोगों ने अपने मित्रों, रिश्तेदारों, सहयोगियों, शुभचिंतकों को नए वर्ष पर शुभकामना संदेश भेजे। पीने पिलाने का भी खूब दौर चला। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान कर भंडारा वितरण किया गया। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय राज्यमंत्री व क्षेत्र के सांसद भानुप्रताप सिंह वर्मा ने भी नहर निरीक्षण भवन व पार्टी कार्यकर्ता राजू गेंदोली के आवास पर जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों से मिलकर उन्हें नए वर्ष की शुभकामनाएं दी। इस दौरान लोगों ने राज्यमंत्री को गुलदस्ता देकर उपहार भेंट करते हुए उनका मुंह भी मीठा कराया। राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर बारसंघ अध्यक्ष हरीसिंह निरंजन, रामप्रकाश यादव, कैलाश मिश्रा, अभिमन्यु सिंह, विक्रम तोमर, अभिनव, नरेंद्र कुमार, रामसिंह, माता प्रसाद, डॉ. सईद, विनोद अग्निहोत्री, भगवती प्रसाद, शरद कुमार आदि मौजूद रहे। क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी अपने आवास पर और नगर में कई जगह जाकर लोगों को नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दीं।