उत्तर प्रदेशजालौनबड़ी खबर
डेढ़ माह से बह रहा है लीकेज से पानी, जल संस्थान ने नहीं ली सुध


भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया ने कोंच प्रवास के दौरान डीएम डॉ. मन्नान अख्तर को शिकायती पत्र देकर बताया कि मोहल्ला पटेल नगर में एक्सिस बैंक के बगल बाली गली में पेयजल की पाइप लाइन में लगभग डेढ माह पुराना लीकेज है जिससे लगातार पानी बह कर बर्बाद हो रहा है। लीकेज के कारण मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति बुरी तरह बाधित हो रही है। इस संबंध में जल संस्थान को कई दफा अवगत कराया गया लेकिन लीकेज अभी तक ठीक नहीं कराया गया। इसी प्रकार कोंच बस स्टैंड मोड़ पर सहारा बैंक के नीचे कई महीनों से पाइप लाइन में लीकेज हो रहा है इस लीकेज से जल भराव हो रहा है और यातायात बाधित बना रहता है। इसके अलावा कस्बे के लगभग हर गली कूचे में सीवर के चैंबर ओवर फ्लो हो रहे हैं, सीवर की गंदगी सड़कों पर अठखेलियां कर रही है जिसके कारण नागरिकों को भीषण दुर्गंध और गंदगी से भारी परेशानी होरही है। हैरानी की बात यह है कि नागरिकों द्वारा इस संबंध में जल संस्थान को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन विभाग को जनता की तकलीफों से शायद कोई लेना देना नहीं रह गया है। हालत यह हैं कि जल संस्थान ने सीवर सफाई कराने के बजाए चैंबरों से पाइप जोड़ कर नालियों में डाल दिए हैं जिससे इलाके के इलाके दुर्गंध से भरे रहते हैं और लोगों का जीना मुहाल है। भाजपा अध्यक्ष ने डीएम से समस्याओं के निस्तारण के लिए कड़े निर्देश जारी करने की मांग की है।