मध्य प्रदेश सीमा पर डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए सख्ती से निगरानी के निर्देश
माधौगढ़ क्षेत्र के महाराजपुर बॉर्डर समेत अंतरराज्यीय प्रवेश द्वारों का निरीक्षण, साफ-सफाई, प्रकाश, CCTV और सौंदर्यीकरण व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

जालौन। जनपद जालौन से मध्य प्रदेश को जोड़ने वाली अंतरराज्यीय सीमा पर शनिवार को जिलाधिकारी समीर कुमार और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने माधौगढ़ क्षेत्र के महाराजपुर बॉर्डर सहित मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सीमा क्षेत्र में तैनात संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और अंतरराज्यीय सीमा पर सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा से होने वाले आवागमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
CCTV और सोलर लाइटों को क्रियाशील रखने के निर्देश –
महाराजपुर बॉर्डर पर निरीक्षण के दौरान अंतरराज्यीय प्रवेश द्वार के आसपास की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रवेश द्वार के पास लगी सोलर लाइटों और CCTV कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा बॉर्डर के आसपास उगी घास-फूस तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी और कीचड़ को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने को कहा गया।
प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण पर जोर –
जिलाधिकारी ने अंतरराज्यीय प्रवेश द्वारों की सुंदरता और भव्यता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रवेश द्वारों के नियमित रखरखाव और आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश द्वारों के आसपास उपयुक्त फूलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण कराने को कहा गया, ताकि जालौन में प्रवेश करने वाले लोगों को सीमा क्षेत्र में स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक वातावरण दिखाई दे।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बॉर्डर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।



