उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

मूलभूत सुविधाओं को तरसा उरई का मोहल्ला, 5-7 साल से जलभराव और खराब रास्तों की समस्या

मोहल्लेवासियों ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र, पक्की सड़क, बिजली और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग

उरई। शहर के इंद्रा नगर (दक्षिणी)/नवी बस्ती, राठ रोड एवं मौखरी मौजा क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर समाधान की मांग की है।

इस दौरान मोहल्लेवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले 5 से 7 वर्षों से जलभराव, कच्चे एवं कीचड़युक्त रास्ते, विद्युतीकरण सहित अन्य समस्याएं बनी हुई हैं। उनका कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक इन समस्याओं का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों तथा आपात स्थिति वाले लोगों पर पड़ता है। मुख्य मार्ग तक पहुंचने में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि उक्त समस्या के समाधान के लिए पूर्व में नगर पालिका एवं तहसील दिवस के दौरान भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो सका है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर पक्की सड़क, जल निकासी/जलभराव की समस्या का समाधान तथा विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन मामले का संज्ञान लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button