उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसधर्म-आस्थाबड़ी खबर

धनुतालाब में हुआ भगवान का भव्य जल विहार, दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

विभिन्न मंदिरों से आकर्षक विमानों में सवार होकर पहुंचे श्रीविग्रह, गाजे-बाजे के बीच हुई पूजा-अर्चना और आरती

कोंच/जालौन। नगर के दक्षिणी छोर स्थित धनुतालाब में बुधवार को भगवान के जल विहार कार्यक्रम का श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया। नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान के श्रीविग्रह आकर्षक विमानों में सवार होकर धनुतालाब पहुंचे। भगवान के दर्शन और जल विहार का मनोरम दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धनुतालाब मैदान में जुटे।

कार्यक्रम के दौरान कई विमानों में विराजमान श्रीविग्रहों की धनुतालाब के किनारे विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कराई गई, जबकि कुछ श्रीविग्रहों ने पवित्र जल में जल विहार किया। नरसिंह भगवान, रामलला सरकार और सैरा स्थित रामजानकी महाराज के श्रीविग्रहों ने धनुतालाब की परिक्रमा की।

रामलला सरकार का विमान गाजे-बाजे के साथ धनुतालाब पहुंचा। यहां पुजारी गोविंद दास ने मंत्रोच्चारण के बीच भगवान की पूजा-अर्चना एवं आरती कराई। इस दौरान नरसिंह मंदिर और सैरा स्थित रामजानकी मंदिर से जुड़े महंत जितेंद्र पटेल सोनू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्री धर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा संचालित मंदिर कल्याणराय और बलदाऊ जी महाराज के विमान भी जल विहार कार्यक्रम में शामिल हुए। धर्मादा सभा के अध्यक्ष विजय गुप्ता भोले सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पटेल नगर के राधा-कृष्ण महाराज, गोखले नगर के संतबिहारी महाराज, गुदरिया महाराज और स्वर्णकार समाज के मुरली मनोहर मंदिर के श्रीविग्रह भी जल विहार कार्यक्रम में पहुंचे। भगवान के जल विहार के दौरान धनुतालाब परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button