रौन के अधियारी माता मंदिर में 11 अक्टूबर से सजेगा श्रीमद् देवी भागवत कथा और विशाल मेले का दरबार
9 दिवसीय संगीतमय कथा का होगा आयोजन, 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा; 18 और 19 अक्टूबर को महाप्रसाद भंडारा

रौन/भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले की रौन तहसील स्थित प्रसिद्ध अधियारी माता मंदिर परिसर में आगामी 11 अक्टूबर 2026 से श्रीमद् देवी भागवत कथा एवं विशाल मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर आयोजन समिति, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण एवं धर्मलाभ लेने की अपील की है।
11 अक्टूबर को कलश यात्रा से होगा शुभारंभ –
आयोजन की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026, रविवार को प्रातः 7 बजे गणेश पूजन एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा के बाद धार्मिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से देवी इच्छा तक संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
18 और 19 अक्टूबर को होगा विशाल भंडारा –
आयोजन के दौरान 18 एवं 19 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से देवी इच्छा तक विशाल महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं एवं संतों के लिए प्रसाद एवं सेवा की व्यवस्था रहेगी।
पं. अरविन्द मिश्रा करेंगे देवी भागवत कथा का वाचन –
श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के कथावाचक देवी शक्ति से विभूषित, आचार्य पं. श्री रामदत्त मिश्रा जी के शिष्य एवं देवी भागवत महापुराण प्रवक्ता पं. श्री अरविन्द मिश्रा जी होंगे। आयोजन में परीक्षित के रूप में श्रीमती सुनिता गुप्ता एवं श्री राधेश्याम गुप्ता (विशोनेपुरा वाले, हाल रौन) शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अधियारी माता मंदिर के पुजारी श्री शिवराम भगत जी हैं।
धर्मप्रेमियों को सपरिवार पहुंचने का निमंत्रण –
आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी जनता से श्रीमद् देवी भागवत कथा एवं मेले में सपरिवार शामिल होने का आह्वान किया है। समिति के अनुसार आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जाएंगी।



