परिवहन विभाग की लक्ष्य प्राप्ति में जालौन का शानदार प्रदर्शन
प्रवर्तन अधिकारी ने मासिक व क्रमिक लक्ष्य में प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान, यात्रीकर/मालकर अधिकारी भी रहे अव्वल

उरई। परिवहन विभाग की प्रशमन शुल्क वसूली में जनपद जालौन ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन और कुशल मार्गदर्शन तथा ज्वाइंट टीम के सहयोग से परिवहन विभाग के अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष बेहतर राजस्व प्राप्त किया है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के अगस्त 2026 के लिए निर्धारित 36.00 लाख रुपये के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 51.27 लाख रुपये प्रशमन शुल्क की प्राप्ति की गई। वहीं 180.00 लाख रुपये के क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष 256.70 लाख रुपये की प्राप्ति हुई। इस प्रदर्शन के चलते प्रदेश स्तर पर परिवहन विभाग की श्रेणीकरण सूची में मासिक एवं क्रमिक दोनों श्रेणियों में जालौन को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में यात्रीकर/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील ने भी निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बेहतर राजस्व अर्जित किया। अगस्त 2026 में उनके संवर्ग के लिए निर्धारित 30.00 लाख रुपये के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष 37.46 लाख रुपये प्रशमन शुल्क की प्राप्ति हुई। वहीं 150.00 लाख रुपये के क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष 177.08 लाख रुपये की प्राप्ति दर्ज की गई।
प्रदेश स्तरीय श्रेणीकरण में आनन्द राय कुरील ने मासिक लक्ष्य के सापेक्ष प्रशमन शुल्क की प्राप्ति में द्वितीय स्थान तथा क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष पांचवां स्थान हासिल किया। परिवहन विभाग के इस प्रदर्शन को जनपद में राजस्व प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों के बेहतर प्रदर्शन से विभागीय लक्ष्य प्राप्ति को भी मजबूती मिली है।



