उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा

कचहरी मार्ग पर सघन चेकिंग, तीन ऑटोरिक्शा निरुद्ध

उरई। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने मंगलवार को अवैध पार्किंग और नियमविरुद्ध ऑटोरिक्शा संचालन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान कचहरी के मुख्य मार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले ऑटोरिक्शा समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। परिवहन अधिकारियों ने वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन ऑटोरिक्शा के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए उन्हें औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी, उरई में निरुद्ध कर दिया गया।

परिवहन विभाग की कार्रवाई से सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग करने और यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों में अनुशासन का संदेश गया। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button