उत्तर प्रदेशजालौनटॉप हेडलाइंसबड़ी खबर

मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने चामरी गौशाला में गौवंशों को गुड़-चना खिलाकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निराश्रित गोवंश संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य हेतु जिलाधिकारी को मिला प्रशस्ति पत्र

उरई। मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे व जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने चामरी गौशाला का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंशों को स्नेहपूर्वक गुड़ व चना खिलाया तथा गौशाला में उनके रख-रखाव, चारे-पानी, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला में रह रहे गौवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। उन्होंने गौशाला में उपलब्ध संसाधनों, पशुओं की संख्या तथा उनके प्रबंधन की जानकारी लेते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौसंरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे गौवंश सुरक्षित एवं स्वस्थ रह सकें। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा समय-समय पर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि गौशाला में चारा, भूसा एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर समय बनी रहनी चाहिए।

इसके पश्चात मंडलायुक्त ने ई-गवर्नेंस सेल में स्थापित गौशाला कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी गौशाला में पशुओं को भूसा-पानी उपलब्ध कराने में देरी की शिकायत प्राप्त हो तो कमांड सेंटर से तत्काल संबंधित केयरटेकर से संपर्क कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि गौवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे।

इस अवसर पर निराश्रित गोवंश संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट नवाचारों एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2026 हेतु प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे द्वारा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय को प्रदान किया गया। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी द्वारा जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचार अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button