कांशीराम कॉलोनी वासियों ने आधी रात को अधिकारियों को घेरा

कोंच/जालौन। पिछले काफी समय से बिजली, पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं से परेशान कांशीराम कॉलोनी के निवासियों के सब्र का बांध बीती रात को टूट गया। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे महेशचंद्र, ओमप्रकाश, इखलाक, शहजाद, जाकिर, राजेश कुमार, बिहारी, गोकुल प्रसाद समेत आधा सैकड़ा से अधिक महिलाओं बच्चों व पुरुषों ने नारेबाजी के बीच तहसील मुख्यालय पहुंचकर वहां एसडीएम व सीओ आवासों का घेराव कर संबंधित विभागों के स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों पर समस्याओं के निराकरण के नाम पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही किए जाने की मांग की। वहीं एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह ने कॉलोनी वासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बहुत जल्द ही समस्याओं का निराकरण कराए जाने का भरोसा दिलाया तब कहीं जाकर कॉलोनीवासी मौके से हटे। एसडीएम ने बताया कि समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।