एसआर बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को किया जागरूक

उरई/जालौन। महिला कल्याण विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से अंतराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस/राष्ट्रीय जेंडर अभियान” के तहत एसआर बालिका इंटर कॉलेज उरई में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और भेदभाव के उन्मूलन के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कालेज की छात्राओं एवं जनमानस को महिला कल्याण अधिकारी अलकमा अख्तर के द्वारा घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, पोक्सो अधिनियम 2005, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 एवं बाल अधिकारों आदि के विषय में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस परामर्श केंद्र प्रभारी रानी गुप्ता जी द्वारा छात्राओं को अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956, साइबर क्राईम रिर्पोटिंग पोर्टल (www.cibercrime.gov.in) व पुलिस थानों में कार्यरत “महिला हेल्प डेस्क” के बारे में जानकारी दी, साथ यह भी बताया गया कि महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा आगे बढ़ाना चाहिए बेटा बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए व लिंग भेदभाव और कुरीतियों को समाप्त करने महिलाओं के विरुद्ध हो रही हिंसा तथा भेदभाव को मिटाने हेतु हम सभी को एकजुट होकर मिलकर प्रयास करना होगा तथा सुरक्षा हेतु हेल्पलाइन नम्बर 1090,112,181,1098 आदि के विषय में जानकारी देकर जागरूक किया। महिला कल्याण अधिकारी ने छात्राओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना की जानकारी दी गई। जिला समन्वयक नीतू देवी द्वारा वन स्टॉप सेंटर में एक ही छत के नीचे मिल रही सुविधाओं जैसे पुलिस सुरक्षा, विधिक सहायता, चिकित्सीय सुविधा, परामर्श सुविधा आदि की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि यदि कोई महिला हिंसा का शिकार होती है तो वह सीधे वन स्टॉप सेंटर में आकर संपर्क कर सकती है। कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से महिला कल्याण अधिकारी अलकमा अख्तर, जिला समन्वयक नीतू देवी, पुलिस विभाग परामर्श केंद्र प्रभारी रानी गुप्ता, पुलिस विभाग की टीम तथा कालेज की प्रधानाचार्या मंजू गुप्ता जी एवं कालेज समस्त स्टाफ, छात्राएं उपस्थित रही।