अयोध्या पहुंचे राम का भरत से मिलाप देख भावुक हुए दर्शक

कोंच (पीडी रिछारिया) धनुताल के समीप स्थित दशहरा ग्राउंड पर दशग्रीव रावण का उसके महान बलशाली बेटे इंद्रजीत मेघनाद सहित पूरे कुनवे का संहार कर अयोध्या पहुंचे भगवान राम, जनकनंदिनी सीता और लक्ष्मण का भरत, शत्रुघ्न और अयोध्या वासियों से मिलन देख दर्शक भावुक हो गए।
कोंच रामलीला के 170वें महोत्सव में गुरुवार की रात रामलीला रंगमंच पर भरत मिलाप लीला का सांकेतिक मंचन किया गया। तत्पश्चात अर्द्धरात्रि में परंपरागत रूप से महंतनगर में मलंगा तट पर स्थित काली मंदिर में पारंपरिक भरत मिलाप हुआ। इस दौरान रामलीला समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल मोंठ वाले, मंत्री संजय सोनी, कोषाध्यक्ष सुधीर सोनी खूजा वाले, अभिनय विभाग के अध्यक्ष रमेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
साथ ही कोंच रामलीला की अंतिम प्रस्तुति श्रीराम राज्याभिषेक 9 अक्टूबर रविवार को मध्य रात्रि ठीक बारह बजे रामलीला रंगमंच पर संपन्न होगा। इसी के साथ रामलीला के 170वें महोत्सव का समापन भी हो जाएगा। तब तक भगवान के पांचों सजीव श्रीविग्रह गश्त (नगर भ्रमण) पर रहेंगे। गौरतलब है कि कोंच रामलीला अनुष्ठानों और परंपराओं के लिए जानी जाती है। यहां शरद पूर्णिमा की रात श्रीराम राज्याभिषेक की स्थापित परंपरा है। मध्य रात्रि भव्य राम दरबार जब सजता है तो उसकी अनुपम और मनोहारी छटा देखते ही बनती है।
इस दरबार में भगवान राम और जनक नंदिनी सीता सर्वोच्च सिंहासन पर विराजमान होते हैं और लक्ष्मण व रिपुदमन योद्धा वेश में दरबार की शोभा बढ़ाते हैं, जबकि भरत राम और सीता को चंवर डुलाते दिखाई देते हैं। बिभीषण, अंगद, निषादराज गुह और हनुमान भी दरबार की शोभा बढ़ाते हैं। पूरी रात सजे रहने वाले इस राम दरबार का दर्शन करने के लिए रात भर नगरवासियों का तांता लगा रहता है।