उरई/जालौन। राष्ट्रीय राजधानी में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद कमजोर लग रहा किसान आंदोलन एक बार फिर से जोर पकड़ रहा है। गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता नेता राकेश टिकैत की आंखों से गिरे आंसुओं के बाद आंदोलन में यू टर्न लेता हुआ दिख रहा है। एक तरफ किसान आंदोलन दिल्ली में चरम पर है, तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेशों में भी तमाम राजनीतिक दल इसके समर्थन में अभियान छेड़े हुए हैं। इसी क्रम शुक्रवार को कालपी में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के कालपी नगर अध्यक्ष अमन बिश्नोई के नेतृत्व में युवाओं ने सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया। मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के नगर अध्यक्ष अमन विश्नोई ने कहा है कि किसान भाजपा राज में सबसे ज्यादा अन्याय का शिकार हुआ है। भाजपा सरकार ने किसानों से किया अपना एक भी वादा तो निभाया नहीं उल्टे किसान विरोधी तीन कानून लाकर उसने कारपोरेट के हाथों किसानों को बर्बाद करने की साजिश रच डाली है। पूरे देश के किसान इसके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। अखिलेश यादव पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशन में यूथ बिग्रेड की टीम किसानों के संघर्ष में उनके साथ है। इस मौके पर अमन विशनोई नगर अध्यक्ष कालपी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, विक्की यादव, अभिषेक निषाद, बलजीत पाल, विधानसभा अध्यक्ष मुलायम यूथ ब्रिगेड कपिल नोमान, मयंक जाटव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।